सरायकेला/ Pramod Singh जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को राजनगर थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद, रविवार को सरायकेला थाना क्षेत्र में दो अलग- अलग हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में किसी के हाथ तो किसी के पैर की हड्डी टूट गई है. सभी को सरायकेला सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.

पहली घटना सरायकेला- चाईबासा मुख्य मार्ग पर कुदरसाई के पास की है. घटना में घायल सोना बांकिरा और सुनील बांकिरा, कुचाई प्रखंड के गालूडीह निवासी हैं. दोनों आपस में चाचा- भतीजा बताए जा रहे हैं और गम्हरिया के बास्कोनगर में रहकर काम करते हैं. शनिवार रात वे चाईबासा मेला देखने गए थे, और वापसी के दौरान कुदरसाई के समीप उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर फिसल गई. हादसे में दोनों के हाथ की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोट आई.
दूसरी दुर्घटना सरायकेला- कालाडूंगरी मार्ग पर हुई. इस हादसे में उजियाड़पुर निवासी नंदू नायक, तथा वनविहार नायक और आशीष नायक नामक तीन युवक घायल हो गए. बताया गया कि नंदू नायक अपनी बाइक से सरायकेला की ओर आ रहे थे, जबकि दूसरी ओर से वनविहार और आशीष नायक एक बाइक पर सवार होकर कालाडूंगरी की ओर जा रहे थे. दोनों बाइक अनियंत्रित होकर आमने- सामने टकरा गईं.
इस हादसे में नंदू नायक और आशीष नायक के हाथों तथा वनविहार नायक के पैर की हड्डियां टूट गईं. मौके पर स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.
लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में प्रशासनिक लापरवाही पर आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन से सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

