सरायकेला/ Pramod Singh जिले के सीनी ओपी क्षेत्र के डांगरडीह गांव के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल युवक की पहचान खरसावां थाना अंतर्गत रीडिंग पंचायत के पतपत गांव निवासी रोशन हाईबुरु, उम्र 25 वर्ष, के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पदमपुर की ओर से सरायकेला की तरफ आ रहा था. इसी दौरान डांगरडीह के पास अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया.
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है.

