सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. सरायकेला की सड़कों पर हर दिन हो रहे सड़क हादसों के बाद किरकिरी झेल रहे ट्रैफिक पुलिस पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है. सरायकेला थाना अंतर्गत मुड़िया के समीप घटी एक सड़क दुर्घटना में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान दुगनी के जामबहल निवासी देवनारायण महतो 21 के रूप में हुई है.

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार देवनारायण महतो दुगनी के जामबहल का निवासी है. वह गम्हरिया के उषा मोड़ स्थित किसी कंपनी में काम करता था. मंगलवार की रात वह अपनी बाइक से नाइट ड्यूटी पकड़ने के लिए कंपनी जा रहा था. इसी दौरान मुड़िया के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सदर अस्पताल सरायकेला भेजा, अस्पताल पहुंचते ही युवक की मौत हो गई. देवनारायण की मौत से उसके परिवार का रो रो कर बुरा हाल हो गया है.

