सरायकेला/ Rasbihari Mandal राजनगर और पोटका प्रखंड की सीमा पर स्थित पावन तलाई पहाड़ में मां ठाकुरानी की पूजा- अर्चना श्रद्धा, आस्था और उल्लास के वातावरण में पूरे विधि- विधान के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुई. इस अवसर पर डांगरडीहा, सिजुलता, हेंसल, पाटा हेंसल समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा स्थल पर पहुंचे और माँ ठाकुरानी से सुख-समृद्धि व मंगलकामना की.

पूजा कार्यक्रम की शुरुआत हेंसल गांव स्थित ठाकुरानी मंदिर से हुई. यहां सर्वप्रथम हेंसल गांव के नायके बाबा भीम सरदार और ग्राम प्रधान अशोक गोप के पुत्र मनिन्द्र गोप द्वारा विधिवत पूजा- अर्चना की गई. इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था पाटा हेंसल स्थित ठाकुरानी मंदिर पहुंचा. वहां पूजा सम्पन्न होने के उपरांत सभी श्रद्धालु लगभग 200 फीट ऊंचे तलाई पहाड़ की चोटी पर चढ़े और मां ठाकुरानी की विशेष आराधना की. इस दौरान “जय मां ठाकुरानी” के जयकारों से पूरा तलाई पहाड़ भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा.
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा. ढोल- नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक रीति- रिवाजों के अनुसार पूजा- अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ. आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही, वहीं सुरक्षा और व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया.
श्रद्धालुओं ने बताया कि तलाई पहाड़ में मां ठाकुरानी की पूजा वर्षों पुरानी परंपरा है. मान्यता है कि यहां माँ ठाकुरानी का साक्षात वास है और सच्चे मन से की गई पूजा से भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं. इसी आस्था के चलते प्रतिवर्ष मकर पर्व के दूसरे दिन, जिसे अखान दिन कहा जाता है, यहां विशेष पूजा का आयोजन होता है, जिसमें दूर- दराज से भी श्रद्धालु शामिल होते हैं.
इस अवसर पर उज्ज्वल मोदक, अमरनाथ गोप, पोल्टू गोप, बिमल गोप, भोलानाथ गोप, बद्रीनाथ महाकुड़, कृष्णा नामता, जेना माझी, विष्णु गोप, अशोक मिस्त्री, अरूप मंडल, खोकन मंडल, तपन गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे. पूजा के सफल आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ- साथ आपसी भाईचारे की भावना और अधिक मजबूत हुई.

