सरायकेला: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कक्ष में गुरुवार को जिला रेड क्रॉस सोसायटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने की. उपायुक्त ने रेड क्रॉस के सदस्यों की संख्या बढ़ाने और संगठन के बेहतर संचालन को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस समाजहित में कार्य करने वाला एक महत्वपूर्ण संगठन है, जिसे मजबूत करने के लिए सभी सदस्यों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. बैठक से पूर्व रेड क्रॉस अध्यक्ष आरके सिन्हा के नेतृत्व में सदस्यों ने नए उपायुक्त का स्वागत किया. बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने कई सुझाव दिए. उपायुक्त ने सभी सुझावों पर अमल सुनिश्चित करने और सोसायटी के संचालन हेतु ठोस एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए.
उन्होंने जियाडा स्थित बंद पड़े रेड क्रॉस कार्यालय को पुनः शुरू करने हेतु पत्राचार की बात कही. साथ ही किसी सरकारी भवन को रेड क्रॉस भवन के रूप में विकसित करने का भी निर्देश दिया. बैठक के दौरान खरसावां विधायक दशरथ गगराई से रेड क्रॉस के सदस्यों ने एक एम्बुलेंस देने का आग्रह किया, जिस पर विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया. उपायुक्त ने एनआईटी के छात्रों को रेड क्रॉस से वॉलेंटियर के रूप में जोड़ने की बात भी कही. उन्होंने सभी विभागों को अपने कर्मियों को रेड क्रॉस की सदस्यता दिलाने और आर्थिक सहयोग देने का सुझाव दिया. बैठक में अध्यक्ष आरके सिन्हा, सचिव दया शंकर मिश्रा, अधिवक्ता ओमप्रकाश, कल्याण घोष सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.

