सरायकेला/ Pramod Singh जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मौसम विभाग द्वारा जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने पर जिले के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी है. उपायुक्त ने निर्देश जारी करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों, अभियंताओं, पर्यवेक्षकों और कर्मियों को जिला मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.

मौसम विभाग से जारी सूचना के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम क्षेत्र और उससे सटे पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में बारिश होने का अनुमान है. इस कारण सरायकेला- खरसावां जिले में रविवार को रेड अलर्ट और सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उपायुक्त ने लगातार बारिश के मद्देनजर जान- माल की सुरक्षा और आपदा से राहत को लेकर पदाधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी है. सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को जिला मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.

