सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत खोकरो गांव के गोड़ाटांड टोला में बीते पांच महीनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित थी. अंधेरे के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा के मामले में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.

समाजसेवी अजय कुमार गोप के निरंतर प्रयास से क्षेत्र में 25 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया, जिसके बाद गांव में फिर से बिजली आपूर्ति बहाल हो गई. रविवार को ग्रामीणों ने अजय कुमार गोप का फूलमाला पहनाकर सम्मान किया. इस मौके पर पंडित चिंटू नंद द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई और इसके बाद फीता काटकर नए ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन किया गया.
बिजली बहाल होने के बाद ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई. ग्रामीणों ने कहा कि अंधेरे के कारण रात में सुरक्षा, मोबाइल चार्जिंग, पानी की व्यवस्था और अन्य जरूरी कार्यों में लगातार कठिनाई हो रही थी. अब बिजली आने से इन समस्याओं में काफी हद तक समाधान होगा. उन्होंने समाजसेवी अजय कुमार गोप के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ सोरेन, सुधीर महतो, सोनेलाल महतो, बरियार हांसदा, विष्णु मुर्मू, चैतन्य मुर्मू, दुर्गा हांसदा, मिरगन मंडल, शंकर सरदार, जगदीश महतो, राकेश महाकुड़, चांदू टुडु, राजा यादव, मलखान हांसदा और राजकुमार लोहार समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे.

