राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिला अंतर्गत राजनगर प्रखंड के एक मात्र सरकारी रथयात्रा मेला हेरमा पंचायत के किता श्यामसुंदर में सोमवार को तीन दिवसीय विराट मेला का शुभारंभ हुआ. मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचकर मेला का आनंद उठाया.

मेला के संचालक सह मेला कमिटी के सचिव बैधनाथ केराई ने बताया कि यह मेला जगन्नाथ प्रभु के रथ यात्रा मौसी बाड़ी से वापसी के अंतिम दिन से शुभारंभ होता है, जो तीन दिवसीय यानी आगामी 10 जुलाई को मेले का समापन होगा. मेले में झूला, बूगी बूगी डांस, ब्रेक डांस, बिजली झूला, नाव झूला, फोटो स्टूडियो एवं विभिन्न प्रकार के मनोहारी साज सज्जा की दुकानें और होटल लगाई गई हैं. दर्शक इसका जमकर आनंद उठा रहे हैं. यह मेला करीब 100 वर्षों से अधिक समय से चली आ रही है. पहले राजा परिवार के द्वारा इस मेले का आयोजन होता था, अब अंचल प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मेले का आयोजन धूमधाम से हो रहा है.

