सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिला प्रशासन ने अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध सख़्त रुख अपनाया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को जिला खनन विभाग के नेतृत्व में राजनगर थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस बल के साथ बालीडीह, कुजू और बंदोंडीह क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया.

अभियान के दौरान बंदोडीह मौजा से एक अवैध बालू लदा स्वराज ट्रैक्टर (संख्या JH06J–3753) को जब्त किया गया. प्रशासन ने संबंधित प्रकरण में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं बंदोडीह पुलिया के समीप अवैध परिवहन रोकने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता से दो गड्ढे खोदकर संभावित मार्गों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया, ताकि भविष्य में इस रास्ते से किसी भी तरह की अवैध गतिविधि न हो सके.

जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन, भंडारण या परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे जिले में खनिज संसाधनों की सुरक्षा और वैध खनन व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.

