राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड स्थित महेशकुदर गांव में बीती रात चोरों ने आपस में सटे दो दुकानों को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. सुबह दुकानदारों ने दुकानें खोलीं तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पीड़ितों ने तत्काल थाना को सूचना दी.

पहली वारदात सपना जनरल स्टोर में हुई. चोरों ने दुकान के पीछे लगे एसबेस्टर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काउंटर में रखे 37 हजार रुपये नकद तथा लगभग 1,500 रुपये के समग्रियों की चोरी कर ली. स्टोर संचालक भवेश चंद्र दास ने बताया कि दुकान के अंदर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त मिला.
सपना जनरल स्टोर के बिल्कुल बगल में स्थित गुरु कृपा डिजिटल सेवा CSC केंद्र में भी चोर उसी दौरान घुसे. केंद्र के ऑपरेटर विश्वजीत प्रधान और संचालक अश्वनी कुमार प्रधान के अनुसार, काउंटर में रखे 35 हजार रुपये नकद गायब पाए गए. दोनों दुकानों में चोरी का तरीका और समय एक जैसा माना जा रहा है, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
घटना से ग्रामीणों में काफी चिंता है. लोगों का कहना है कि दो दुकानों के एक साथ सटे होने के बावजूद चोरों द्वारा बेखौफ तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देना रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. ग्रामीणों ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है

