सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के बड़ा सिजुलता पंचायत अंतर्गत रामपुर- डांगरडीहा पीसीसी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय कान्हु हेम्ब्रम की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार रामपुर निवासी कान्हु हेम्ब्रम मोटरसाइकिल से घर से डांगरडीहा की ओर जा रहे थे.

तेलाई पहाड़ के नीचे रामपुर- डांगरडीहा मोड़ के पास अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई. उसे बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी. हादसे में कान्हु हेम्ब्रम के सिर पर गंभीर चोट लगी और वे बेहोश होकर वहीं गिर पड़े.
इसी दौरान खेत में धान काट रहे एक युवक की नजर उन पर पड़ी. युवक ने तुरंत उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर गोबिंदपुर उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया. राजनगर सीएचसी पहुंचते ही कान्हु हेम्ब्रम ने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित किया.
घटना की जानकारी पर राजनगर पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी. परिजनों के पहुंचने पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरायकेला भेज दिया गया. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

