सरायकेला/ Rasbihari Mandal राजनगर थाना क्षेत्र के खोकरो मोड़ के पास गुरुवार तड़के सुबह एक बड़ा हादसा गंभीर त्रासदी में बदलने से बच गया. सुबह लगभग 5 बजे एक भारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा. तेज रफ्तार के कारण वाहन दीवार से टकरा गया, जिससे घर के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए.

हादसे के वक्त घर के लोग गहरी नींद में थे, जिसके कारण बड़ी जनहानि का खतरा बना रहा. हालांकि शुरुआती सूचना के मुताबिक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन मकान को सामान्य नुकसान पहुंचा है. धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए.
ग्रामीणों ने बताया कि खोकरो मोड़ क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाएं आम हो गई हैं. कई बार स्थानीय लोगों ने स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपायों की मांग प्रशासन से की है, लेकिन अब तक हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है. लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि समय रहते पुख्ता कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अनियंत्रित वाहन को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक आशंका है कि वाहन की रफ्तार ज्यादा थी या चालक को झपकी आने के कारण नियंत्रण खो गया. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने, चेतावनी संकेतक स्थापित करने और रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग दोहराई है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है. हादसे में नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है और पीड़ित परिवार प्रशासनिक सहायता की उम्मीद कर रहा है.

