राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर- जुगसलाई मुख्य मार्ग पर मंगलवार को छोटा कांकी गांव पुलिया के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. एक बलेनो कार और पैशन प्रो बाइक के बीच आमने- सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक जितेंद्र तिवारी, जो गम्हरिया निवासी हैं और चालियामा स्थित रुंगटा माइंस लिमिटेड में कार्यरत हैं, मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान जुगसलाई की ओर से तेज़ रफ्तार में आ रही बलेनो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उक्त बलेनो कार में राजनगर अंचल अधिकारी (सीओ) श्रवण कुमार झा सवार थे. हादसे के बाद सीओ कुछ देर घटनास्थल पर रुके, घायल युवक को सड़क किनारे बैठाया और स्थिति देखने के बाद अपनी कार से राजनगर प्रखंड कार्यालय की ओर रवाना हो गए.
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई और कहा कि अंचल अधिकारी को घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाना चाहिए था. एक ग्रामीण ने कहा, “सरकारी अधिकारी से ऐसी उम्मीद नहीं थी, उन्हें तत्काल मदद करनी चाहिए थी.”
घटना के बाद जब इस मामले में राजनगर अंचल अधिकारी श्रवण कुमार झा से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. इधर, घायल युवक जितेंद्र तिवारी का इलाज स्थानीय लोगों की मदद से कराया गया. फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

