सरायकेला/ Pramod Singh जिला मुख्यालय के आसपास के क्षेत्रों में पिछले 12 घंटों से अधिक समय से हो रही लगातार बारिश ने कहर बरपा दिया है. सरायकेला प्रखंड अंतर्गत कमलपुर पंचायत के डांगरडीहा गांव में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है. गांव के 15 से 20 घरों में पानी घुस गया है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ड्रेनेज के दबने से हुआ जलजमाव
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में गांव में हो रहे जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए गांव के किनारे से गुजरने वाली सड़क से सटे ड्रेनेज बनाया गया था. लेकिन सड़कों पर निरंतर भारी वाहनों के परिचालन से ड्रेनेज दब गया, जिससे पानी का निकास बंद हो गया. पानी का निकास नहीं हो पाने के कारण आज पूरा डांगरडीहा गांव तालाब बन गया है.
ग्रामीणों ने बनवाया पानी निकासी का रास्ता
पिछले 12 घंटों से अधिक समय से हो रही बारिश से गांव में उत्पन्न जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए ग्रामीणों ने मुखिया के सहयोग से जेसीबी मशीन के द्वारा पानी निकासी के लिए पतला रास्ता बनवाया है. जिससे धीरे-धीरे पानी का निकास हो रहा है. समाचार लिखे जाने तक गांव के कई घरों में अभी भी पानी भरा हुआ है.

