सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत चाईबासा मार्ग पर पाम्पड़ा के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार लोको पायलट रामानंद होनाहगा (50) की मौत हो गई. घटना शाम करीब 7 बजे हुई. ट्रैक्टर और बाइक की आमने- सामने की टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही जान चली गई. मृतक पश्चिम सिंहभूम जिले के पूर्णिया बासाहातु गांव के निवासी थे और फिलहाल पाम्पड़ा के समीप बालतबांध में रह रहे थे. वे रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे और सीनी में पदस्थापित थे.

जानकारी के अनुसार रामानंद होनाहगा ड्यूटी पकड़ने के लिए बाइक से सीनी जा रहे थे. जैसे ही वे मुख्य सड़क पर पहुंचे, चाईबासा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में घुस गया. हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाते हुए ट्रैक्टर की बैटरी और नंबर प्लेट निकालकर फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत सरायकेला पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शीत गृह में रखा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

