सरायकेला/ Pramod Singh जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को नीमडीह थाना अंतर्गत झिमरी क्षेत्र में कार्रवाई की है. उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला खनन विभाग और नीमडीह थाना की संयुक्त टीम ने क्वार्टजाइट खनिज के अवैध खनन और परिवहन से संबंधित शिकायत पर मौके का निरीक्षण किया.

संयुक्त निरीक्षण के दौरान स्थल पर अवैध खनन के स्पष्ट साक्ष्य पाए गए. इसके बाद भूमि स्वामी, अनुबंध धारक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नीमडीह थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. अवैध खनन में प्रयुक्त दो वाहनों को जब्त किया गया है. इनमें जेसीबी वाहन संख्या JH05W9604 और क्वार्टजाइट से लदा ट्रक वाहन संख्या WB37E4245 शामिल हैं. दोनों वाहनों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की गई है. जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन पर रोक लगाने की दिशा में ठोस संदेश गया है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध खनन के विरुद्ध इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

