सरायकेला: जिले के तीनों नगर निकाय- नगर निगम आदित्यपुर, नगर पंचायत सरायकेला और नगर परिषद कपाली में संपन्न हुए चुनाव के बाद मतगणना की प्रक्रिया जारी है, लेकिन सुबह 10:30 बजे तक जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से न तो कोई आधिकारिक फोटो जारी की गई है और न ही वीडियो फुटेज उपलब्ध कराई गई है.

आधिकारिक जानकारी के अभाव में मीडिया कर्मियों और आम नागरिकों को विश्वसनीय अपडेट नहीं मिल पा रहे हैं. जहां अन्य जिलों में नगर निकाय चुनाव से संबंधित बुलेटिन, दस्तावेज और दृश्य सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं सरायकेला- खरसावां में सूचना का यह अभाव कई सवाल खड़े कर रहा है.
चुनाव जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और त्वरित सूचना प्रसारण की अपेक्षा की जाती है. मीडिया प्रतिनिधियों का कहना है कि चुनाव कवरेज के लिए फोटो और वीडियो सामग्री अत्यंत आवश्यक होती है. आधिकारिक स्रोत से जानकारी नहीं मिलने के कारण समाचार संकलन और प्रसारण प्रभावित हो रहा है. इस स्थिति से पत्रकारों के साथ- साथ आम जनता भी अद्यतन जानकारी से वंचित रह जा रही है. लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सूचनाएं साझा करे. अब देखना यह है कि जिला जनसंपर्क विभाग कब तक इस चुप्पी को तोड़ता है और चुनाव से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करता है.

