सरायकेला: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रेस क्लब भवन परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया.

इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के संरक्षक संतोष कुमार, रमजान अंसारी, प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह, उपाध्यक्ष विपिन वार्ष्णेय, सुमित सिंह, विजय कुमार साव, अजय महतो, बलराम पांडा एसएमपीओ नंदन उपाध्याय, सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे.
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया. उपस्थित सभी पत्रकारों और पदाधिकारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया. क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित की खबरों को प्राथमिकता दें. उन्होंने सभी पत्रकारों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और जनसरोकार के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया.
वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है. सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व ही पत्रकारिता की पहचान है. कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ. अंत में सभी ने एक- दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं.

