सरायकेला: जिले में पोषण माह- 2025 का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर की उपस्थिति में किया गया. इस मौके पर आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, विद्यालयी छात्राओं, ग्रामीण महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही. कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पोषण रैली से हुई, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने संतुलित आहार तथा स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों के साथ समाज को जागरूक किया.



अपने संबोधन में श्रीमती सत्या ठाकुर ने कहा कि पोषण माह- 2025 का उद्देश्य कुपोषण और अति गंभीर कुपोषण (SAM) से प्रभावित बच्चों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना और समुदाय को पोषण संबंधी जागरूकता प्रदान करना है. उन्होंने बताया कि गर्भवती और धात्री माताओं को पोषण संबंधी परामर्श तथा शिशुओं के जीवन के पहले 1000 दिनों की देखभाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है.
इस अवसर पर संतुलित आहार का महत्व, पहले 1000 दिन में स्वास्थ्य देखभाल, कुपोषण उन्मूलन में आंगनबाड़ी और पोषण पुनर्वास केंद्रों (NRC) की भूमिका, समुदाय की भागीदारी और सरकारी योजनाओं के लाभ जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया. रैली, समूह चर्चा, प्रदर्शनी और नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया. महिलाओं और बच्चों ने स्लोगन व पोस्टर के जरिए संदेश दिया – “संतुलित आहार अपनाएँ, कुपोषण को मिटाएँ, स्वस्थ समाज बनाएँ.”
पोषण माह- 2025 का यह शुभारंभ जिले को कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में एक सशक्त कदम है, जिसमें सरकार, विभागीय अधिकारी और समुदाय की सामूहिक भागीदारी अहम भूमिका निभाएगी.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
