सरायकेला/ Pramod Singh नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. रविवार सुबह 7 बजे से मतदान कर्मियों को उनके अपने आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. अधिकारियों की मौजूदगी में आवश्यक दिशा- निर्देश देकर कर्मियों को बूथों तक भेजा गया. 23 फरवरी सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. शनिवार शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार थम चुका है. अब प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर सकते हैं.

जिले के तीन निकायों में कुल मतदान केंद्रों की स्थिति इस प्रकार है
आदित्यपुर नगर निगम में 35 वार्ड और 136 मतदान केंद्र हैं. कुल मतदाता 1,39,889 हैं, जिनमें 70,837 पुरुष और 69,051 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं कपाली नगर परिषद में 21 वार्ड और 31 मतदान केंद्र हैं. कुल मतदाता 33,766 हैं, जिनमें 16,509 पुरुष और 17,256 महिला मतदाता हैं. जबकि सरायकेला नगर पंचायत में 11 वार्ड और 13 मतदान केंद्र हैं. कुल मतदाता 10,762 हैं, जिनमें 5,410 पुरुष और 5,352 महिला मतदाता शामिल हैं.
प्रत्येक मतदान केंद्र पर पांच कर्मी तैनात रहेंगे. इनमें एक पीठासीन पदाधिकारी और पी-वन, पी-टू, पी-थ्री व पी-फोर शामिल होंगे.

इस बार मतदान बैलेट पेपर से होगा. प्रत्येक मतदाता को दो बैलेट पेपर दिए जाएंगे. एक वार्ड पार्षद के लिए और दूसरा अध्यक्ष या महापौर के लिए. वार्ड पार्षद का मतपत्र सफेद रंग का होगा, जबकि अध्यक्ष और महापौर का मतपत्र हल्के गुलाबी रंग का रहेगा.
तीनों निकायों की मतगणना 27 फरवरी को काशी साहू कॉलेज में होगी. मतदान के बाद सभी बैलेट बॉक्स को बज्रगृह में सुरक्षित रखा जाएगा. मैदान में सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशी हैं और 11 वार्डों में 33 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. आदित्यपुर नगर निगम मेयर पद के लिए 9 प्रत्याशी और 35 वार्डों में 130 उम्मीदवार मैदान में हैं. कपाली नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा किया है. अब नजरें 23 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्थानीय सरकार की तस्वीर तय करेंगे.

