सरायकेला: सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बेरगाडीह गांव से चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर की बरामदगी पुलिस ने कर ली है. पुलिस ने इस मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त दो स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

घटना 7- 8 अक्टूबर की रात करीब 1.30 बजे की है. अज्ञात चोरों ने बेरगाडीह गांव से महिंद्रा ट्रैक्टर डाला सहित चोरी कर लिया था. इस संबंध में 10 अक्टूबर को सरायकेला थाना में कांड संख्या 95/25, धारा 303(2) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने लगातार छापेमारी कर संभावित ठिकानों पर खोजबीन की. इसी क्रम में मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल जामुदा को राजनगर के भुरकुली से गिरफ्तार किया.

उसकी निशानदेही पर उसके दो अन्य सहयोगी अपराधकर्मियों घनश्याम पूर्ति (25 वर्ष), पिता स्व. मधुसूदन पूर्ति, निवासी करलाजुड़ी, और शनि देवगम (40 वर्ष), पिता नारायण देवगम, निवासी पुराना चाईबासा, थाना मुफ्फसिल, जिला चाईबासा को पकड़ा गया.
तीनों आरोपियों के पास से रेडमी, विवो और रेडमी प्रो कंपनी के तीन मोबाइल फोन और दो स्कूटी (होंडा DEO एवं टीवीएस) बरामद की गई. साथ ही चोरी किया गया महिंद्रा ट्रैक्टर हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बांडिया से बरामद किया गया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
पुअनि विनय कुमार (थाना प्रभारी सरायकेला). पुअनि राजेंद्र कुमार (प्रभारी सीनी ओपी). पुअनि अमीश कुमार (सरायकेला थाना). सअनि हरेकृष्ण महतो (सीनी ओपी).
हवलदार नंदू राम बोयपाई (सीनी ओपी). आ. 352 योगेंद्र प्रमाणिक (सीनी ओपी रिजर्व गार्ड). साथ ही तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे.

