सरायकेला: जिले में एक बड़ी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाए गए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है. पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुचाई थाना क्षेत्र के मासीबेरा हिल एरिया के पास पहाड़ी क्षेत्र में विस्फोटक छिपाकर रखा गया है. जानकारी मिलते ही सरायकेला- खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया.

सर्च अभियान के दौरान मासीबेरा हिल क्षेत्र के पास जंगल में छिपाकर रखा गया ब्लू और स्टील कंटेनर मिला. इनमें से एक कंटेनर में 20 पैकेट अमोनियम नाइट्रेट पाउडर (प्रत्येक 1 किलोग्राम) और दूसरे कंटेनर में 40 पैकेट अमोनियम नाइट्रेट पाउडर मिला. कुल 60 किलोग्राम विस्फोटक के साथ 10 पैकेट वैसिलीन पेट्रोलियम जैली (प्रत्येक 42 ग्राम) बरामद किया गया. सुरक्षा के मद्देनज़र बम निरोधक दस्ते की मदद से सभी विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. फिलहाल पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

