सरायकेला/ Pramod Singh जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की 62 मोबाइल, 1 टैब और 2 लैपटॉप के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. बरामद सामानों की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है.

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हिमांशु मोदी उर्फ रचित के रूप में हुई है जो आमदा ओपी क्षेत्र के बड़ा आमदा गांव के मोदी मोहल्ला का निवासी है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को 13 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ा आमदा गांव में एक युवक चोरी के मोबाइल का कारोबार करता है. सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. छापेमारी दल ने बड़ा आमदा गांव के मोदी टोला में छापामारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी के पास से 62 चोरी की मोबाइल, एक टैब और दो लैपटॉप बरामद किए हैं. जांच में पता चला कि अभियुक्त दूसरे राज्यों और ट्रेनों में मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम देता था और फिर उन्हें बेचता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल में इंस्पेक्ट नितिन कुमार सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रमन कुमार विश्वकर्मा, अवर निरीक्षक योगेश रजक और आमदा ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे.

