सरायकेला/ Pramod Singh नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला थाना पुलिस एक्शन में है. पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के निर्देश पर गुरुवार शाम थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सभी होटलों, लॉज और ढाबों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न होटलों और मुख्य मार्गों पर स्थित ढाबों की जांच की. होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को बिना वैध पहचान पत्र के कमरा नहीं दिया जाए. साथ ही होटल में ठहरने वाले सभी लोगों का पूरा विवरण प्रतिदिन रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य बताया गया.
थाना प्रभारी ने कहा कि चुनाव के दौरान संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ सकती है, इसलिए विशेष सतर्कता जरूरी है. ढाबा संचालकों को बिना लाइसेंस शराब परोसने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

