सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने सघन अभियान चलाया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के स्पष्ट निर्देश पर की गई. अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 13 वारंटी और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थाना प्रभारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किए गए थे. इन टीमों ने गम्हरिया, चांडिल, आदित्यपुर, सरायकेला और आरआईटी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा.
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में शंकर मंडल, प्रिंस महतो उर्फ करवा, कृष्णा प्रधान, मिथिलेश लोहार, अजीत महालकर, गुड्डू मांझी, लव महतो, मोती दास, विशाल कालिन्दी, शिव प्रसाद उर्फ बबलू, जयन कुमार महतो, अभिजीत कुमार महतो और करमा मुंडा शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी अलग- अलग कांडों में वांछित थे. इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी, अवैध गतिविधियों, वन अधिनियम उल्लंघन सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं. कुछ आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे. अभियान के दौरान निगरानी सूची में शामिल अपराधियों की भी जांच की गई. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. फरार अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
