सरायकेला/ Pramod Singh जिला पुलिस में पदस्थापित हवलदार सागर हेंब्रम (58) की हार्ट अटैक से मौत हो गई. हवलदार की अचानक मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. यह घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हवलदार सागर हेंब्रम पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाट गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डीहापुसी गांव के निवासी थे. वे वर्तमान में सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी में हवलदार के पद पर कार्यरत थे.
सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल लाया गया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस विभाग द्वारा मृतक हवलदार के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा. इसके बाद पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और फिर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

