सरायकेला/ Pramod Singh पुलिस केंद्र परिसर में पुलिस परिवार के सामूहिक सहयोग से भव्य शिव मंदिर का निर्माण किया गया है. शुक्रवार को विधि- विधान और मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई.

मंदिर निर्माण को लेकर पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों में विशेष उत्साह देखा गया. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूजा- अर्चना के बीच पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा.

प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारा का आयोजन किया गया. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, उनके परिजन और आम श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया.
भंडारा कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत भी उपस्थित रहे. उन्होंने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सभी पुलिसकर्मियों और परिवार के सदस्यों की सराहना करते हुए इसे सामूहिक एकता का प्रतीक बताया.

