सरायकेला: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने पुलिस केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह भी मौजूद रहे.

इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक ने शहीद वेदी पर शहीद हुए पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. वहीं कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी “Ranking of Police Stations 2025” में सरायकेला- खरसावां जिले के चौका थाना द्वारा पूरे देश में चौथा स्थान और झारखंड में पहला स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाने की उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा चौका थाना की 21 सदस्यीय टीम को सम्मानित किया गया.

सम्मानित पुलिसकर्मियों में तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित चार पुलिस अवर निरीक्षक, सात सहायक अवर निरीक्षक, दो हवलदार, एक चालक हवलदार और सात आरक्षी शामिल हैं.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह उपलब्धि टीम वर्क, पारदर्शिता, अनुशासन और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है. उन्होंने कहा कि चौका थाना ने सेवा, सुरक्षा और विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करते हुए यह मुकाम हासिल किया है. उन्होंने कहा कि इस सम्मान से न केवल चौका थाना बल्कि पूरे जिले की पुलिस का मनोबल बढ़ा है और अन्य थानों के लिए भी यह प्रेरणादायी उदाहरण है. मौके पर जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.


