सरायकेला/ Pramod Singh पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर खरसावां थाना अंतर्गत नन्दूडीह गांव में रविवार को अवैध अफीम और पोस्ता की खेती के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान का नेतृत्व खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने किया.

अभियान के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को अवैध अफीम और पोस्ता की खेती नहीं करने की सलाह दी गई. साथ ही डायल 112 सेवा के बारे में जानकारी दी गई और ग्रामीणों के बीच चॉकलेट वितरण किया गया. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया.

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को अवैध गतिविधियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें वैकल्पिक रोजगार के साधन अपनाने के लिए प्रेरित करना है.

कार्यक्रम में स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती के दुष्प्रभाव और कानूनी परिणामों की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने उन्हें वैकल्पिक खेती और पशुपालन को अपनाने की सलाह दी. ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना की.

