सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुचाई थाना क्षेत्र के लोप्सो गांव स्थित जंगल में संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यह कार्रवाई शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में की गई.

एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के भीतर नकली और अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद एक छापामारी दल गठित कर कुचाई थाना क्षेत्र के लिए प्रस्थान किया गया. जैसे ही पुलिस टीम लोप्सो जंगल के बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद 2 से 3 लोग पुलिस को देखकर भागने लगे. सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन घना जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर वे फरार होने में सफल रहे.
पुलिस द्वारा मौके पर सर्च अभियान चलाने पर बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद हुई. इसमें प्लास्टिक की बोतलें और जार मिले, जिनमें लाल रंग का तरल पदार्थ भरा हुआ था. इसके अलावा 200 लीटर क्षमता के 8 नीले ड्रम में स्प्रिट भरा हुआ पाया गया. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च किया और सभी सामान को विधिवत जब्त किया गया.
बरामद सामग्री में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05AP 3535), 68 पेटी KINGS GOLD और 12 पेटी BLACK TIGER यानी कुल 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (लगभग 720 लीटर), 20-20 लीटर के 15 जार में भरी लगभग 300 लीटर शराब, कुल मिलाकर 1020 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 8 ड्रम में 1600 लीटर स्प्रिट, प्लास्टिक की खाली बोतलों से भरे 4 बोरे, ढक्कनों से भरे 3 बोरे, विभिन्न कंपनियों के शराब के लेबल, 10 खाली जार, रंग मिलाने वाले छोटे डिब्बे, पेटी बनाने के लिए 5 बंडल कार्टन और एक नीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल शामिल हैं.
इस पूरे मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक सामंत कुमार दास और कुचाई थाना सैट-2 के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
