सरायकेला: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करते हुए गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की.

समीक्षा बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला और चांडिल, संबंधित थाना प्रभारी एवं सभी अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस के लंबित कांडों की प्रगति, अनुसंधान की स्थिति, जब्त मादक पदार्थों के नमूनों की फॉरेंसिक जांच, आरोपपत्र दाखिल करने की प्रक्रिया तथा अभियोजन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई.

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को समयबद्ध तरीके से जांच पूरी कर आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल करने तथा साक्ष्यों को मजबूत रखने का निर्देश दिया.
एसपी ने यह भी कहा कि नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाए और अंतरजिला नेटवर्क की पहचान कर समन्वित कार्रवाई की जाए. संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया. बैठक में स्पष्ट किया गया कि एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में गुणवत्ता पूर्ण अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई से ही नशा कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.

