सरायकेला/ Pramod Singh पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत की अध्यक्षता में सोमवार को कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक एवं शाखा प्रभारी शामिल हुए.

अपराध गोष्ठी के दौरान आगामी क्रिसमस, नववर्ष पर्व, जिले में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम और खरसावां शहीद दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण पर विस्तृत विमर्श किया गया. पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए.
बैठक में नवंबर माह में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई और लंबित मामलों के शीघ्र उद्भेदन एवं निष्पादन को लेकर दिशा निर्देश दिए गए. नवंबर माह में निष्पादित कांडों और यूडी कांडों की थानावार समीक्षा करते हुए दिसंबर माह में अधिकाधिक निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
उल्लेखनीय है कि नवंबर माह में जिले का डायल 112 का औसत रिस्पांस टाइम 9 मिनट 19 सेकेंड रहा, जिसे सराहनीय बताते हुए डायल 112 में कार्यरत कर्मियों को पुरस्कृत किया गया. गोष्ठी में अफीम की अवैध खेती की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, मादक पदार्थों और ब्राउन शुगर की बिक्री पर रोक, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी, बलात्कार और पोक्सो मामलों के 60 दिनों के भीतर निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन, साइबर अपराध, पुराने कांडों का निष्पादन, लंबित वारंट और कुर्की, सीसीटीवी स्थापना, अवैध खनन पर रोक सहित कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पुलिस की दृश्यता बढ़ाने, CCTNS में गुणवत्तापूर्ण डेटा प्रविष्टि, iRAD और eDAR में समय पर जानकारी अपलोड करने तथा ई-साक्ष्य ऐप के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

