सरायकेला: पुलिस ने जिले में अफीम की अवैध खेती को रोकने के लिए चलाए जा रहे प्री कल्टीवेशन ड्राइव के तहत मंगलवार को कई गांवों में जागरूकता अभियान चलाया. पुलिस का यह प्रयास जिले को अफीम मुक्त बनाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

इस अभियान के तीसरे चरण के दौरान कुचाई थाना अंतर्गत रमायशाल गांव तथा चौका थाना क्षेत्र के ग्राम टुरु और रंका में ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती और विक्रय निषेध से संबंधित कानूनी जानकारी दी गई. इसके अलावा उत्क्रमित उच्च विद्यालय हेसाकोचा में छात्रों को अफीम के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया.
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय भाषा में समझाते हुए ग्रामीणों को शपथ दिलाई कि वे अफीम की खेती नहीं करेंगे और इसके स्थान पर वैकल्पिक कृषि अपनाएंगे. साथ ही, ग्रामीणों को बताया गया कि अफीम की खेती और कारोबार एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है.
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को डायल-112 के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके. साथ ही, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर भी जोर दिया गया.
जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत का कहना है कि इस प्रकार के जनजागरूकता अभियानों से ग्रामीण इलाकों में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है और लोगों में नशे के खिलाफ समझ बढ़ी है.

