सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले भर में अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार देर शाम चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में अभियान चलाकर अड्डेबाजी कर रहे युवकों को हटाया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी.

थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए अड्डेबाजी पर रोक बेहद जरूरी है. कई बार समूह में बैठने वाले युवक गलत संगत में पड़कर अपराध की ओर बढ़ जाते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है. इसी कारण चौका थाना पुलिस लगातार पैदल गश्ती बढ़ा रही है और संदिग्ध ठिकानों की निगरानी कर रही है.
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने चौका बाजार, चौक, एनएच किनारे के कई स्थानों और गांवों के समीप ऐसे सभी जगहों की जांच की, जहां अक्सर युवकों के इकट्ठा होने की शिकायत मिलती रही है. पुलिस ने संबंधित युवकों को समझाते हुए बताया कि रात में अनावश्यक समूह में बैठने से वे खुद भी खतरे में पड़ सकते हैं और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने यह भी अपील की कि क्षेत्र के युवा सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान दें और अड्डेबाजी से दूर रहें, ताकि कानून- व्यवस्था बेहतर बनी रहे और उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत चौका थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

