सरायकेला/ Pramod Singh

नगर निकाय चुनाव को लेकर सरायकेला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर सरायकेला थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया.
यह अभियान सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया और थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया. अभियान के दौरान चारपहिया और दुपहिया वाहनों की सघन जांच की गई. वाहनों के कागजात की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई.
तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी.

