चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर नीमडीह थाना पुलिस द्वारा सोमवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया.

इस विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो ऐसे मोटरसाइकिलों को जप्त किया है, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उनमें मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार इन बाइकों से तेज और असामान्य आवाज निकल रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी के साथ- साथ कानून- व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती थी.

नीमडीह पुलिस ने बताया कि वाहन जांच के दौरान जब इन मोटरसाइकिलों को रोका गया, तो चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों को विधिवत जप्त कर लिया गया और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है.

