सरायकेला/ Pramod Singh सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सरायकेला थाना पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया.

इस अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरती गई. पुलिस ने सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों की गहन जांच की. इस दौरान बाइक की डिक्की तक की जांच की गई. दर्जनों वाहनों की जांच के दौरान अधिकांश को क्लीन चिट मिली, लेकिन दो बाइक के कागजात सही नहीं पाए जाने पर उन्हें जब्त किया गया.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि लोगों को यातायात नियमों के पालन हेतु निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा.
इस अभियान में सरायकेला थाना के कई पुलिस जवान शामिल थे. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर वह पूरी तरह गंभीर है और इस तरह के अभियान लगातार चलते रहेंगे.

