सरायकेला: छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सरायकेला- खरसावां पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गई है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. घाटों पर पुलिस की तैनाती के साथ- साथ जीवन रक्षक एवं आपातकालीन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घाटों पर तैनात पुलिस कर्मियों को डूबने से बचाने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने हेतु लाइफ जैकेट, फ्लोटिंग डिवाइस, चाइल्ड लाइफ जैकेट, रेस्क्यू ट्यूब, नायलॉन रस्सी, फुट एयर पंप, फाइबर स्टिक और इमरजेंसी एस्केप ब्रीदिंग डिवाइस जैसे उपकरण दिए गए हैं.

इसको लेकर रविवार को पुलिस केंद्र में सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग भी की गई. मौके पर अधिकारियों ने सुरक्षा कर्मियों को उपकरणों के प्रयोग और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीकों की जानकारी दी.

इन उपकरणों का उपयोग घाटों पर मौजूद गोताखोरों द्वारा भी किया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे घाटों पर सतर्कता बरतें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें.

