आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए सरायकेला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर लिया है. शनिवार देर शाम पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने आदित्यपुर, गम्हरिया और आराईटी थाना क्षेत्र के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 20 हाई स्पीड बाईक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन बाइकों पर 40 प्रशिक्षित जवान तैनात किए गए हैं जो पर्व के दौरान गश्त कर सुरक्षा पर चौकस नजर रखेंगे.

रवानगी से पूर्व एसपी ने जवानों को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान “न सोना है, न थकना है” और तब तक डटे रहना है जब तक विसर्जन नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर जवान अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाए. एसपी ने बताया कि हाई स्पीड बाइक पेट्रोलिंग से भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी.
इस मौके पर सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रदीप उरांव, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अफवाह पर रोक लगाने के लिए भी विशेष रणनीति बनाई गई है.
पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके. पुलिस बल के अलावा सादे कपड़ों में भी कर्मी तैनात रहेंगे. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और पेट्रोलिंग टीम को भी लगाया गया है. सरायकेला पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट और पार्किंग नियमों का पालन करें ताकि यातायात बाधित न हो और त्योहार शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके.

