सरायकेला/ Pramod Singh थाना परिसर में होली और ईद पर्व को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार ने की. प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों की उपस्थिति में पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर जोर दिया गया.

बैठक में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह, जलेश कवि, भोला मोहंती, उमेश भोल, लिपू मोहंती, डॉ. चंदन कुमार, राहुल सिंह सुमित सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य मौजूद थे. सभी ने अपने विचार रखे और पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की.

थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि होली और ईद दोनों पर्व आपसी सद्भाव और भाईचारे के प्रतीक हैं. किसी भी तरह की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि फसाद करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व की खुशियां तभी सार्थक हैं जब समाज में शांति और सौहार्द बना रहे. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने भी लोगों से होली और ईद को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की.
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से दोनों पर्व मनाने का संकल्प लिया. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक- चौबंद रहेगी और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी.

