सरायकेला: जिले में जन वितरण प्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. आदित्यपुर निवासी हरिदत्त तिवारी ने उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए दिसंबर 2025 के राशन आवंटन में कथित अनियमितता और कालाबाजारी का आरोप लगाया है.

शिकायत पत्र में जन वितरण प्रणाली दुकानदार अनुज्ञप्ति संख्या 35/92 के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता का कहना है कि चांडिल प्रखंड के सहायक गोदाम प्रबंधक भुवन महतो, डीएसडी अभिकर्ता नवीन कुमार शर्मा तथा गम्हरिया प्रखंड के प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी सुनील कुमार चौधरी की मिलीभगत से दिसंबर 2025 के चालान में गड़बड़ी की गई है.
पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 17.12.2025 को संबंधित दुकान का चालान प्रेषित किया गया था, लेकिन दुकानदार को 25.01.2026 तक राशन प्राप्त नहीं हुआ. इसके बावजूद कागजी प्रक्रिया में वितरण दर्शाए जाने की आशंका जताई गई है. शिकायतकर्ता ने स्टॉक रजिस्टर और एस आइओ की जांच कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित दुकानदार पिछले दो वर्षों से दुकान का संचालन नियमित रूप से नहीं कर रहा था, फिर भी उसके नाम से आवंटन और वितरण दिखाया गया. इसे लेकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया है कि इससे पूर्व 07.01.2026 को जिला आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय में भी लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह जन वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा कर सकता है.

