सरायकेला: गम्हरिया जेएफसीआई गोदाम अग्निकांड के बाद जिला खाद्य आपूर्ति विभाग भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की दिशा में रेस हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार जिला खाद्य आपूर्ति विभाग नवंबर माह में कुल 12 राशन डीलरों को आवंटित खाद्यान्न मामले में सख़्ती बढ़ा दी है. बताया जा रहा है कि इन 12 राशन डीलरों के खाद्यान्न ढुलाई का बिल अब तक डीएसडी श्याम लाल अग्रवाल द्वारा जमा नहीं किया गया है. इससे खाद्यान्न वितरण की पारदर्शिता और वैधानिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं.

गम्हरिया प्रखंड के बुरुडीह स्थित राशन डीलर विमल नायक के नाम नवंबर माह का खाद्यान्न डिस्पैच होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, डीलर द्वारा खाद्यान्न प्राप्त यानी रिसीव नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है. इससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि आवंटित खाद्यान्न वास्तविक रूप से कहां गया और किस स्तर पर लापरवाही या अनियमितता हुई.
प्रश्न यह भी उठ रहा है कि श्यामलाल अग्रवाल ने नवंबर माह में किन-किन दुकानदारों को खाद्यान्न की आपूर्ति कराई है. साथ ही यह खाद्यान्न किस वाहन के माध्यम से भेजा गया, उन वाहनों के वाहन संख्या क्या हैं, और क्या उन वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा था या नहीं, इसकी भी स्पष्ट जानकारी अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है.
स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि इस पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि जन वितरण प्रणाली से जुड़ा यह मामला सीधे तौर पर गरीब और जरूरतमंद लोगों के राशन से जुड़ा है. यदि इसमें कोई गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. इस मामले को लेकर जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि विभाग को इस मामले की लगातार शिकायतें मिल रही है. डीएसडी को बार-बार विपत्र जमा करने को कहा जा रहा है मगर उनके द्वारा लापरवाही बरती जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही संवेदक को शो कॉज किया जाएगा. इसकी तैयारी की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
