सरायकेला/ Pramod Singh जिला पंचायत संसाधन केंद्र, सरायकेला सभागार में पंचायत नेत्री अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन नीतीश कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो एवं अन्य महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि यह अभियान महिला प्रतिनिधियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि महिला मुखिया अपने पति के भरोसे सरकारी कार्यों का निष्पादन करती हैं, जिससे क्षेत्रीय जनता उन्हें ही वास्तविक प्रतिनिधि मानती है. इससे निजात दिलाने के लिए ‘पंचायत नेत्री अभियान’ की शुरुआत की गई है, ताकि महिला प्रतिनिधि स्वयं पंचायत स्तर पर निर्णय ले सकें और नेतृत्व कर सकें. उपायुक्त ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल महिला नेतृत्व को केवल सम्मान ही नहीं देती, बल्कि उन्हें गांव के विकास की धुरी बनने के लिए प्रेरित करती है. उन्होंने कहा कि आज महिलाएं केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बदलाव की अग्रदूत हैं और यह प्रशिक्षण उन्हें उस भूमिका के लिए और अधिक दक्ष बनाएगा.
समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी
उपायुक्त ने कहा कि मजबूत समाज के निर्माण में मजबूत मां, मजबूत बेटी और मजबूत बहू का सहयोग आवश्यक है. महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए कदम समाज के समग्र विकास में सहायक होंगे. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने तथा रूढ़िवादी अवधारणाओं से बाहर लाकर जन विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है.
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेन्द्र उराव, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं महिला जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे.

