सरायकेला: जिले में अफीम की अवैध खेती को रोकने और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरायकेला- खरसावां पुलिस द्वारा प्री कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत जिले के कई गांवों में पुलिस की पहल पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है.

बुधवार को खरसावां थाना क्षेत्र के रायजामा गांव, कुचाई थाना क्षेत्र के चम्पद गांव तथा दलभंगा ओपी अंतर्गत बिजार गांव में ग्राम सभा आयोजित की गई. इन ग्राम सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुंडा- मानकी, ग्राम प्रधान, मुखिया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.


पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की अवैध खेती न केवल गैरकानूनी है बल्कि यह सामाजिक बुराई और अपराध को भी जन्म देती है. जागरूकता अभियान के दौरान ग्राम प्रधान, मानकी-मुंडा और मुखिया ने सभी ग्रामीणों को शपथ दिलाई कि वे अपने खेतों में अफीम की खेती नहीं करेंगे. इसके साथ ही ग्रामीणों को अफीम की जगह वैकल्पिक खेती जैसे हल्दी, अदरक, मक्का और सब्जियों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
सरायकेला- खरसावां पुलिस ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी संभावित क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा ताकि आने वाले फसली वर्ष में अफीम की अवैध खेती की संभावना पूरी तरह समाप्त की जा सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
