सरायकेला: वर्तमान फ़सलीय वर्ष में अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करने के उद्देश्य से सरायकेला- खरसावां पुलिस द्वारा प्री कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है. इस अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आमजन को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाई जा सके और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा दिया जा सके.

रविवार को इस अभियान के तहत खरसावां थाना अंतर्गत रीडिंग बाजार, कुचाई थाना क्षेत्र के बीन्गकुटा गांव, दलभंगा ओपी अंतर्गत दलभंगा बाजार तथा ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डूमटांड़ बाजार में जागरूकता अभियान चलाया गया.

अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध से जुड़ी कानूनी जानकारी स्थानीय भाषा में दी. साथ ही अफीम के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.

सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि जिले में अफीम की अवैध खेती या व्यापार जैसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त रखा जा सके.


