सरायकेला: नगर निकायों में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने की पात्रता तय करने के लिए मंगलवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम सरायकेला पहुंची. आयोग की टीम ने डोर-टू-डोर सर्वे के तहत ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया का जायजा लिया.

इस दौरान सरायकेला नगर परिषद में आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, सदस्य नंदकिशोर मेहता और लक्ष्मण यादव का नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.
श्री चौधरी ने आयोग को अवगत कराया कि नगर निकाय चुनाव लंबे समय से लंबित है, जिससे नगरवासी बिना जनप्रतिनिधि के परेशान हैं. उन्होंने पत्र सौंपकर मांग की कि पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की पात्रता जल्द तय की जाए और नगर निकाय चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएं. उन्होंने बताया कि आयोग से हुई बातचीत सकारात्मक रही. आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव और टीम ने भरोसा दिलाया कि डोर-टू-डोर सर्वे और मतदाता सूची की त्रुटियों को सुधारने के बाद नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराए जाएंगे.

