सरायकेला/ Pramod Singh जिले के कपाली ओपी थाना क्षेत्र के साततल्ला मैदान, डांगोडीह से पुलिस ने एक सक्रिय अपराधकर्मी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. इसकी जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली और आजादनगर का कुख्यात अपराधी साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद साततल्ला मैदान में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है.

सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल अरविंद बिनहा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साततल्ला मैदान में छापेमारी की और अपराधी मो० साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को एक लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर एक अन्य लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा गोली भी बरामद की गई है. इसके अलावा, एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. एसपी ने बताया कि साजिद अंसारी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, लूट, और अवैध हथियार रखने जैसे अपराध शामिल हैं.

गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध चांडिल और आजादनगर थाना में दर्ज मामलों की संख्या पांच बताई गई है. इन मामलों में वर्ष 2014 से लेकर 2024 तक दर्ज कई प्राथमिकी शामिल हैं. एसपी ने कहा कि साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को आयुध अधिनियम के तहत जेल भेजा जा रहा है.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद बिनहा, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, पु.अ.नि. हसनैन अंसारी, टाइगर मोबाइल के जवान बिपुल कुमार तिवारी, दस्तगीर आलम, तकनीकी शाखा सरायकेला-खरसावां के कर्मी अशोक यादव और संजय कुमार सरदार शामिल थे. एसपी ने इसे कपाली क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
