सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 की नवनिर्वाचित पार्षद नीतू शर्मा ने शुक्रवार को सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और उपाध्यक्ष अविनाश कवि से मुलाकात कर उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता देकर बधाई दी. साथ ही उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की शुभकामनाएं दीं.


इस मौके पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नीतू शर्मा का स्नेह और आशीर्वाद पाकर वे अभिभूत हैं. उन्होंने कहा कि पार्षद का उनके चेंबर में आकर शुभकामनाएं देना उनके लिए एक भावुक क्षण रहा. उन्होंने नीतू शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वार्ड 17 से लगातार दूसरी बार जीत हासिल करना उनकी लोकप्रियता और सेवा भावना का प्रमाण है. साथ ही उन्होंने बताया कि नीतू शर्मा द्वारा अपना शरीर मेडिकल शिक्षा के लिए दान करना समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है. इस दौरान नीतू शर्मा ने उपाध्यक्ष अविनाश कवि को भी पुष्प गुच्छ और शॉल देकर सम्मानित किया. मनोज चौधरी ने कहा कि वे नीतू शर्मा के साथ मिलकर समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे.

