सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, कार्यपालक अभियन्ता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति तथा निर्माणाधीन योजनाओं की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छूटे हुए सभी ग्राम पंचायतों के शत- प्रतिशत घरों को नल- जल योजना से जोड़ा जाए. सामान्य श्रेणी की सभी योजनाओं से संबंधित ग्राम पंचायतों में “हर घर जल” प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए.
हर घर जल प्रमाणन से पूर्व जिन ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति से संबंधित कार्य अधूरे हैं या संरचनाएं क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें दुरुस्त और क्रियाशील बनाकर ही प्रमाणन कार्य पूर्ण किया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि ये योजनाएं जनस्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जीवन- स्तर उन्नयन से सीधे जुड़ी हुई महत्वपूर्ण योजनाएं हैं. सभी पदाधिकारी एवं कार्यान्वयन एजेंसियां जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें.
उन्होंने कार्य की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और लापरवाही या निम्न गुणवत्ता का कार्य करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.
उपायुक्त ने एसबीएस निरीक्षण रिपोर्टों की समीक्षा कर सभी योजनाओं का जियो- टैगिंग शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण योजनाओं को संबंधित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) को विधिवत हस्तांतरित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने ग्राम पंचायतों को “मॉडल ग्राम” के रूप में विकसित करने और अधिक से अधिक पंचायतों को तीन एवं पाँच स्टार रेटिंग श्रेणी में सम्मिलित करने की दिशा में ठोस पहल करने का भी निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता एवं पेयजल योजनाओं की प्रगति की सतत निगरानी और फील्ड सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुँच सके.
उन्होंने जन-जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर सामुदायिक बैठकें, दीवार लेखन एवं प्रचार माध्यमों के द्वारा जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति आमजन में जागरूकता लाई जाए. उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन केवल विकास योजनाएँ नहीं हैं, बल्कि ये नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं जीवन- गुणवत्ता से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं.
सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जिला सरायकेला- खरसावाँ को “शत- प्रतिशत हर घर जल एवं स्वच्छता संपन्न जिला” के रूप में स्थापित किया जा सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
