सरायकेला: नीमडीह थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर कार्रवाई करते हुए चोरी के कुल छह मोटरसाइकिल बरामद किए हैं. इस मामले में एक आरोपी राकेश कोडेक्या को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि- विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है.

जानकारी के अनुसार 13 और 22 अगस्त को रघुनाथपुर बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने से दो बाइक चोरी कर ली गई थी. इस संबंध में नीमडीह थाना कांड संख्या 47/2025 और 48/2025 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने नीमडीह थाना कांड संख्या 47/2025 में चोरी हुई मोटरसाइकिल के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ और निशानदेही के आधार पर नीमडीह थाना कांड संख्या 48/2025 की बाइक समेत जमशेदपुर के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई अन्य चार मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी और निरुद्ध बालक अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करते थे और उन्हें 10 से 15 हजार रुपये में बेच देते थे. ग्राहकों को वाहन के कागजात बाद में देने का झांसा देकर धोखाधड़ी भी करते थे.
छापेमारी दल में नीमडीह और कपाली ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे. इसकी जानकारी शनिवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
